धौलाना। थाना क्षेत्र के गांव करनपुर जट्ट में दुकान के किराये को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। जिसमें दोनों पक्षों की तरफ के कई लोग घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव निवासी मोहसीन की धौलाना मेें बढ़ई की दुकान है। गांव का ही शौकीन दुकान का मालिक है। बुधवार को दुकान के किराये को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। देर शाम इस विवाद को लेकर गांव में दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर एक दूसरे से भिड़ गए और जमकर पथराव हो गए। ग्रामीण इस दौरान फायरिंग की भी बात कह रहे हैं, लेकिन पुलिस इन्कार कर रही है।
झगड़े में एक पक्ष के इरफान, रिजवान, शौकीन, शादाब, राहिल जबकि दूसरे पक्ष से शौकीन, वसीला, सानिया, चांद मोहम्मद, नईमुद्दीन व अन्य कई लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ सुनीता चौहान का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। गांव में फिलहाल शांति है, पुलिस बल तैनात किया गया है। हमलावरों के खिलाफ नियामानुसार कार्रवाई की जाएगी।