पिलखुवा। अचपलगढ़ी गांव स्थित मंदिर पर डीजे बजाने को लेकर कांवड़ियों के दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें चार कांवड़िया घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ और तहसीलदार ने मौके पर पहुंच मामले की जानकारी लेकर घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया।
थानांतर्गत क्षेत्र के गांव अचपलगढ़ी से कई शिव भक्त कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे। कुछ श्रद्धालु डाक तो कुछ खड़ी कांवड़ लेकर आए थे। शनिवार सुबह गांव स्थित मंदिर पर डीजे बजाने को लेकर दो कांवड़ियों के गुटों में कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। मारपीट में भोलू उर्फ प्रभात, आकाश, विपिन और चिंकी घायल हो गए। मारपीट की सूचना मिलते ही एसडीएम संतोष उपाध्याय, सीओ वरुण मिश्रा और तहसीलदार प्रवीन कुमार ने मौके पर पहुंच घायलों को उपचार के लिए पबला रोड स्थित सीएचसी भिजवाया। सीओ का कहना है कि थाने पर अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने के उपरांत कार्रवाई की जाएगी। मंदिर पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।