हापुड़। जिले में मौसम में बदलाव के साथ एक बार फिर बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। पिछले एक सप्ताह में सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या करीब डेढ़ गुना तक बढ़ गई है। सोमवार को भी 700 से ज्यादा मरीज आए। कुछ मरीजों में डेंगू जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं।
पिछले दिनों बुखार के मरीजों की संख्या में कमी आने के बाद अस्पतालों में राहत दिखाई दे रही थी लेकिन अब अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल सहित सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ दिखाई दे रही है। इनमें बड़ी संख्या बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंचने वालों की है।
सीएचसी के फिजिशियन डॉ. अशरफ अली के अनुसार बदलते मौसम में वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कई मरीजों में तेज बुखार के साथ शरीर में दर्द और प्लेटलेट्स कम होने की शिकायत भी मिल रही है। ऐसे में डेंगू की आशंका वाले मरीजों की जांच कराई जा रही है।
चिकित्सकों ने लोगों को साफ पानी पीने, आसपास सफाई रखने और मच्छरों से बचाव के उपाय करने की सलाह दी है। तेज बुखार होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने के बजाय अस्पताल में जांच कराने को कहा गया है।
बरतें सावधानी
*घर और आसपास पानी जमा न होने दें।
*मच्छरों से बचने के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
*साफ और उबला हुआ पानी पीएं।
*बुखार होने पर पर्याप्त आराम करें और चिकित्सक की सलाह लें।
*तेज बुखार, लगातार उल्टी, अत्यधिक कमजोरी या खून आने जैसे लक्षण हों तो तुरंत अस्पताल जाएं।
*बिना चिकित्सक की सलाह के दवाएं न लें।