गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मीरा रेती निवासी नगर निवासी शिवदत्त ने पुत्रवधू पर परिजनों के साथ मिलकर बेटे की हत्या कराने और घटना को सड़क हादसे का रूप देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिवदत्त ने बताया कि सात जून को उसका बेटा नरेश जनपद अमरोहा के बछरायू थाना क्षेत्र के गांव शरीफपुर में अपने साढू के भाई के शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। लेकिन नौ जून को नरेश का साला और साढू उसे मृत अवस्था में बाइक पर बैठाकर घर लाए। जानकारी करने पर आरोपियों ने बताया कि रहरा रोड पर उनका एक्सीडेंट हो गया, जिसमें नरेश की जान चली गई। शिवदत्त का कहना है कि मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि दोनों आरोपी मामूली रूप से भी घायल नहीं हुए। उस समय पुत्रवधू ने अपने परिजनों का पक्ष लेते हुए कोई कार्रवाई नहीं करने दी। वहीं अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ मिलकर उसका अंतिम संस्कार करा दिया। पीड़ित ने बताया कि 11 जून को उसका दामाद, बेटी समेत अन्य लोग घर पर आए हुए थे। जिन्होंने पुत्रवधू से हादसे के बारे में पूछा, तो वह भड़क गई। उसने कहा कि अपने भाई और जीजा समेत दो अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उसने अपने पति की हत्या कराई है। शिवदत्त ने पुत्रवधू समेत उसके भाई, जीजा व साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी सोमवीर सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।