संवाद न्यूज एजेंसी
पिलखुवा। नगर कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवा ढाबा के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार बाइक अचानक असंतुलित होकर रेलिंग से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर घायल हो गए। बाइक बिना चालक के ही करीब पचास मीटर तक आगे बढ़कर ढाबा पार्किंग में घुस गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
पुलिस के अनुसार बाइक गाजियाबाद से हापुड़ की ओर आ रही थी। हादसे के समय बाइक पर गांव कांवी निवासी भोपाल और उनका बेटा चरण सिंह सवार थे। अचानक नियंत्रण बिगड़ने पर वाहन सीधे रेलिंग से भिड़ा, जिससे दोनों सड़क पर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक के गिरने के बाद भी बाइक लगभग पचास मीटर तक हाइवे पर भागती रही और आगे जाकर ढाबे की पार्किंग में जाकर रुकी।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पिलखुवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, जहां उपचार जारी है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही जानलेवा होती है। उन्होंने वाहन चालकों से गति नियंत्रित रखने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।