किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बृहस्पतिवार को भाकियू (भानु) ने नगर पालिका परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। किसानों ने समस्याओं के जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जिलाध्यक्ष पवन हूण ने बताया कि किसानों को अभी तक बीते वर्ष का भी गन्ना भुगतान नहीं मिला है, जबकि नया पेराई सत्र शुरू हो चुका है। ऐसे में किसानों को घर के खर्च चलाने और बच्चों की फीस भरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अन्य प्रदेशों में बिजली की दरें काफी कम हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में बिजली की अधिक दरों के चलते किसानों को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में यहां के किसानों को कम दरों पर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।
इसके अलावा उन्होंने गांव श्यामपुर जट्ट सलारपुर में प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालय की स्थापना अतिशीघ्र कराने, कृषि कार्डों को सरचार्ज मुक्त करने, रजवाहों की सफाई कराने की भी मांग उठाई।
मांगों के निस्तारण के संबंध में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान नवाब सिंह, जयवीर सिंह गुर्जर, रूपराम, अमित प्रधान, धर्मेंद्र, अनिल गुर्जर, शेर मोहम्मद मौजूद रहे।