पिलखुवा। क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता कार्यालय के गेट पर ताला जड़कर धरना दिया।
सोमवार दोपहर दहपा गांव के अंबेडकर भवन से ट्रांसफार्मर हटाने की मांग से शुरू हुआ आंदोलन अब 12 समस्याओं तक पहुंच गया है। किसानों ने समाधान होने तक धरना जारी रखने की बात कही। वहीं कुछ देर बाद किसानों ने अन्य लोगों की समस्याओं को देखते हुए ताला खोल दिया था। किसानों का दिन और रात में धरना लगातार जारी हैं।
तहसील अध्यक्ष रविंद्र सिंह के नेतृत्व में किसानों ने बताया कि दहपा में ट्रांसफार्मर हटाने के लिए ऊर्जा निगम ने 47 हजार रुपये का एस्टीमेट दिया था। जो अब 25 हजार पर आ गया है। जुलाई में जिलाधिकारी ने इसे हटाने के आदेश दिए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। वहीं हिम्मतनगर में अंबेडकर भवन के गेट पर ट्रांसफार्मर के जर्जर पोल और तेल रिसाव से खतरा बना हुआ है।
क्षेत्र में कई जगह जर्जर तार, टूटती केबल, गल चुके लोहे के पोल और बिजली लाइन नहीं होने की समस्याएं हैं। हाफिज जरीन की गली और आमिर एडवोकेट के मकान के पास भी पोल व लाइन की समस्या है।
आजमपुर में खराब मीटर बदलने और वर्षों से बंद पड़ी लाइन चालू कराने की मांग उठाई गई। बिलाल मस्जिद के पास भी कनेक्शन होने के बावजूद लाइन नहीं है। हिम्मतनगर में कम बिल निकालने के नाम पर रुपये लेने की शिकायत भी की गई। अधिशासी अभियंता मनीष यादव ने कहा कि किसी भी लाइन की शिफ्टिंग के लिए नियमानुसार एस्टीमेट बनता है।
किसान बिना एस्टीमेट के लाइन शिफ्ट कराने की मांग कर रहे हैं। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। धरने में वहाब चौधरी, अशोक, जयप्रकाश, राजकुमार, आमिर, अफसर चौहान, मदन चौधरी, जाहिद अली और छोटे खान सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।