सिंभावली। शनिवार को सहकारी गन्ना समिति परिसर में भाकियू की मासिक पंचायत हुई। जहां विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद कार्यकर्ता ब्लॉक कार्यालय पहुंचे और वहां पर तालाबंदी करते हुए नारेबाजी की। एडीओ (का.) को ज्ञापन सौंपने के बाद ताला खोल दिया गया।
पंचायत की अध्यक्षता करते हुए गढ़ के नगर अध्यक्ष जगबीर सिंह ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है। किसानों चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। सिंभावली ब्लॉक अध्यक्ष मुनव्वर अली ने कहा कि गन्ना भुगतान न होने से किसान परेशान हैं। जिलाध्यक्ष दिनेश खेड़ा ने कहा कि जल्द ही बकाया गन्ना भुगतान को लेकर भी बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। सहकारी गन्ना समिति परिसर से किसान ब्लॉक कार्यालय पहुंच गए और वहां पर तालाबंदी करते हुए अधिकारियों से वार्ता की मांग की। इसके बाद एडीओ कोऑपरेटिव बिजेंद्र सिंह धरने में पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष दिनेश ने बताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के आह्वान पर 13 अगस्त को जनपद के चारों ब्लॉक में धूमधाम के साथ ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान श्यामसुंदर त्यागी, शोभा देवी, आंचल सिंह, खुशनूद जूनियर, माजिद चौधरी, पीके वर्मा, विनोद शर्मा, शुभम सांगवान आदि मौजूद रहे।