सिंभावली। गांव हिम्मतपुर में बुधवार को भाकियू अराजनैतिक की बैठक हुई। जिसमें गंगा एक्सप्रेसवे पर सर्विस रोड न बनाए जाने पर लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी गई।
पंचायत घर में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष पवन हुण ने कहा कि काफी समय से क्षेत्र से होकर गुजर रहे गंगा एक्सप्रेसवे पर सर्विस रोड बनाने की मांग की जा रही है। जिसे लेकर लंबे समय तक किसानों और क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन भी किया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि यदि सर्विस रोड का राष्ट्रीय राजमार्ग तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ, तो क्षेत्र के किसान काम रोक देंगे। बैठक के दौरान किसानों ने निर्णय लिया कि यदि सर्विस रोड का निर्माण नहीं कराया गया, तो किसान लोकसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे। इस मौके पर सरदार सिंह, जयकरण सिंह, सुभाष प्रधान, विरेंद्र सिंह, ऐशवीर सिंह, संजय, आदेश, लीले प्रधान, रवि भाटी, जगत सिंह, बलवीर, सेवक राम, जयप्रकाश, भुल्लन सिंह, जुगेंद्र आदि मौजूद रहे।