हापुड़ में चौकी-कोतवाली का घेराव
- फोटो : अमर उजाला
हापुड़ जिले के गांव झड़ीना में शनिवार को किसान धर्मेंद्र (करीब 50 वर्ष) की संदिग्ध मौत के बाद माहौल गरमा गया। परिजनों ने साजिश के तहत दो युवकों पर ट्रैक्टर से कुचलकर उनकी हत्या करने का आरोप लगाया। गुस्साए ग्रामीणों, परिजनों ने पुलिस चौकी और कोतवाली का घेराव कर हंगामा किया। करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस से तीखी नोंकझोंक चलती रही। पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद मामला शांत हुआ।
गांव निवासी अमन ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिसका कहना है कि उनके पिता धर्मेंद्र शनिवार को बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर लेकर सामने से आ रहे गांव निवासी दो युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो दिन पहले हुई थी कहासुनी
धर्मेंद्र के भाई जितेंद्र ने बताया कि दो दिन पहले दोनों आरोपियों से उनके भाई की कहासुनी हो गई थी। जितेंद्र का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने जानबूझकर ट्रैक्टर से टक्कर मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
कोतवाली पर हंगामा, गिरफ्तारी की मांग
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीण ने पहले झड़ीना चौकी पर हंगामा किया। जिसके बाद शव को लेकर कोतवाली पहुंच गए। जहां पर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। पुलिस ने अमन की तहरीर के आधार पर पहले सड़क हादसे में रिपोर्ट दर्ज की थी। लेकिन, बाद में तहरीर बदले जाने के बाद हत्या की धाराओं में मामले को तरमीम करने की बात कही है। जिसके बाद किसी तरह मामला शांत हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल
परिजन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। - स्तुति सिंह, सीओ