उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में न्याय नहीं मिलने पर एक परिवार ने आत्मदाह का प्रयास किया। परिवार पेट्रोल से भरी बोतल लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा। जहां समय रहते पुलिस कर्मियों ने परिवार को बचा लिया।
हत्या के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने से नाराज मृतक के परिजनों ने एसपी कार्यालय पर हंगामा किया। परिजनों ने ज्वलनशील पदार्थ की बोतल निकालकर आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौजूद पुलिसकर्मियों ने बोतल छीनकर सभी को दबोच लिया।
विज्ञापन
नगर कोतवाली क्षेत्र के दस्तोई गांव निवासी नितिन (23) का शव 25 मार्च 2024 को गांव में चक्की में बने एक कमरे में बल्ली से लटका मिला था। परिजनों ने रुपये के लेनदेने को लेकर मृतक के ताऊ और उसके दो पुत्रों पर हत्या का आरोप लगाते हुए एक अप्रैल में मुकदमा दर्ज कराया था। परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि वे लगातार थाने चौकियों के चक्कर काट रहे हैं।
विज्ञापन
पुलिस की निरंकुशता से आहत मृतक के पिता लीलू, मां राजबाला, बहन सीमा, भाई राहुल मंगलवार की सुबह एक बार फिर एसपी कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। लेकिन पुलिसकर्मियों ने एक बार फिर मामले में टालमटौल शुरू कर दी। जिससे आहत परिवार के लोगों ने मोपेड में रखी ज्वलनशील पदार्थ की बोतल निकालकर उसे अपने ऊपर छिडकऩे और आत्मदाह करने का प्रयास किया। लेकिन मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते सभी को दबोच लिया और बोतल छीन ली। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
मामले में ली जाएगी विशेषज्ञों की राय
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नितिन की मौत आत्महत्या प्रतीत हो रही है। हालांकि मामले में विशेषज्ञों की राय ली जाएगी, अगर आरोपियों की संलिप्तता पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। -ज्ञानेंजय सिंह, एसपी हापुड़।