पिलखुवा पुलिस की गिरफ्त में कार के साथ आरोपी।स्रोत: पुलिस
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत छिजारसी कट स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल भराने के बाद पैसे देने के बजाय सेल्समैन को कार से घसीटने की घटना में पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है।
सीओ मुनीष चंद्र ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिंडालपुर बंबा कट स्थित धर्मकांटे के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मेरठ के ग्राम ललियाना निवासी फरयाद के रूप में हुई है। उसके कब्जे से स्कॉर्पियो बरामद हुई, जिसे एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
सीओ ने बताया कि घटना दो सितंबर की रात करीब 10 बजे की है। छिजारसी कट स्थित अग्रवाल फ्यूलिंग स्टेशन पर स्कॉर्पियो चालक ने दो हजार रुपये का डीजल भरवाया था। सेल्समैन पंकज ने रुपये मांगे तो चालक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने पंकज का हाथ कार के शीशे में फंसा लिया और तेज रफ्तार से गाड़ी हापुड़ की ओर दौड़ा दी।
सेल्समैन चिल्लाता रहा, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। करीब पांच किलोमीटर तक घसीटने के बाद चालक ने उसे धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में घटना कैद हुई थी। मैनेजर नीरज चौहान की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।