पिलखुवा। टॉवर बनाने की फैक्टरी में लोहे के गाटर के नीचे दबने से एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने थाने पर हंगामा किया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर फैक्टरी के एमडी और ठेकेदार समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव नान निवासी जगवीर यादव पिलखुवा-धौलाना रोड स्थित खेड़ा गांव में टॉवर बनाने की सालासर फैक्टरी में नौकरी करता था। बुधवार की देर शाम जगवीर फैक्टरी में हाईड्रा से अनलोडिंग का काम कर रहा था। इसी बीच लोहे के गाटर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां देररात उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्टरी स्वामी समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पर हंगामा किया। मृतक के भाई भोजवीर यादव ने बताया कि फैक्टरी प्रबंधन के लापरवाही के कारण ही उसके भाई की मृत्यु हुई है। फैक्टरी में कर्मियों के लिए सुरक्षा के पर्याप्त उपकरण उपलब्ध नहीं है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार का कहना है कि मृतक के भाई की तहरीर पर फैक्टरी के मैनेजिंग डायरेक्टर, ठेकेदार पारस नाथ, कर्मचारी सुलभ और शशांक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।