हापुड़। मतदान के बाद प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। शुक्रवार की देर शाम से गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी में कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम और वीवीपैट मशीनें जमा की गईं। देर रात तक अधिकारियों की निगरानी में टेबल अनुसार मशीनें और दस्तावेज जमा हुए।
मतदान के तुरंत बाद बसों और अन्य सरकारी वाहनों से सुरक्षा बल के जवानों के साथ पोलिंग पार्टियां नवीन मंडी में पहुंचनी शुरू हुईं। देहात के क्षेत्रों से रात लगभग नौ बजे तक टीमें आती रहीं। जिसके चलते अधिकांश टीम मंडी में पहुंच गई थीं। मंडी में पहुंचने और दस्तावेज पूरे करने के बाद मशीनें जमा कराने के लिए मारामारी मची रही। कर्मचारी इसी प्रयास में लगे रहे कि किसी तरह जल्दी उनकी मशीन जमा हो जाएं। ताकि, वह अपने घर के लिए रवाना हो सकें।
मशीनें जमा करने के दौरान नवीन मंडी स्थल पर जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार, अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार और सभी उपजिलाधिकारी सहित लगभग सभी प्रशासनिक अधिकारी जुटे थे और व्यवस्था बनाने में लगे रहे। कर्मचारियों को बार-बार माइक से आवश्यक निर्देश दिए गए। मशीनों को रखवाने के साथ ही स्ट्रांग रूम को सील कर दिया गया है। अब उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी अर्द्धसैनिक बल के जवान कर रहे हैं।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि सुरक्षा के बीच ईवीएम रखवाई गई हैं। चार जून को मतगणना के समय ही सील खोली जाएगी। शांतिपूर्ण तरीके से सभी मशीनें जमा हो गई हैं।