हापुड़। शहर का प्रत्येक वार्ड अब हरी शंकरी के पौधों से आच्छादित होगा। नगर पालिका के सभागार में मंगलवार को हरी शंकरी अभियान को लेकर अध्यक्ष पुष्पा देवी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी ने कहा कि पौधरोपण के इस कार्य में नगर पालिका लोकभारती की पूरी टीम को सहयोग देगी। अभियान के जिला संयोजक भारत भूषण गर्ग ने हरी शंकरी के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि इसके पौधे लगाने से ऑक्सीजन फैक्टरी का निर्माण होता है, जो 12 महीने 24 घंटे चलती रहती है। हरी शंकरी किसी व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि पर्यावरण व समाज की सामूहिक भलाई का पौधा है। इसमें एक साथ पीपल, बरगद और पीपल का रोपण किया जाता है, जो प्रकृति को पोषित करने का काम करते हैं। कार्यक्रम में पर्यावरण गतिविधि के राजेश कुमार शर्मा ने भी पौधों के संरक्षण पर जोर दिया।
विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष गौरव गोयल ने कहा कि हरी शंकरी के पौधे को उत्सव के रूप में लगाना चाहिए और इसमें आसपास के सभी सामाजिक व धार्मिक लोगों को शामिल करना चाहिए। अभियान के सह जिला संयोजक गुलशन त्यागी ने कहा कि वे अगले दो-तीन दिन में अपने-अपने वार्ड में स्थान का चयन कर गड्ढे खुदवाने और पौधों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि कोरोना काल में पेड़ों से निकलने वाली ऑक्सीजन का महत्व सभी ने महसूस किया था। बढ़ती बीमारियों के समाधान में हरी शंकरी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। जिला संयोजक भारत भूषण गर्ग ने प्रत्येक हरीशंकरी के लिए एक पालक समूह बनाने और उसमें संरक्षक पालक और सह पालक समेत 11 लोगों की समिति गठित करने की बात कही। इस दौरान नरेश मिश्रा, अरुण अग्रवाल, विनोद कुमार, तनु सिंघल और सभासद उपस्थित रहे।