हापुड़ । शासन ने मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में नगर के वार्ड 20 को चिह्नित किया है। इसके तहत मोहल्ला रफीकनगर और रामगढ़ी में हर घर को आठ करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पानी की आपूर्ति मिलेगी। इसके लिए दोनों मोहल्लों के 1700 घरों को शामिल किया गया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
जल निगम नगरीय को यह प्रोजेक्ट दिया गया है। इस प्रोजेक्ट का सीधा उद्देश्य लोगों को 24 घंटे पानी की आपूर्ति देना है। जबकि, अब तक सुबह और शाम में दो-दो घंटे पानी की आपूर्ति नलकूप चलाकर दी जाती है। इस कारण कई बार लोगों को दिन और रात में पानी का संकट झेलना पड़ता है। यहां तक कि कई बार नलकूप संचालन को लेकर विवाद तक आपस में हो जाता है। इन समस्याओं से छुटकारा दिलाने के लिए सरकार ने कदम उठाया है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, जिन नगर पालिकाओं की आबादी एक लाख से अधिक है। उन सभी के एक-एक वार्ड को 24 घंटे पानी की आपूर्ति देने के लिए मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रोजेक्ट के बाद आमजन से इसको लेकर फीडबैक भी लिया जाएगा।
दोनों मोहल्लों में बिछेगा 12 किलोमीटर पाइप लाइन, मीटर से आएगा बिल
प्रोजेक्ट के तहत दोनों मोहल्लों के हर घर को कनेक्शन दिया जाएगा, इसके लिए करीब 12 किलोमीटर लंबी पानी की पाइप लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही ओवरहेड टैंक व दो नलकूप लगाए जाएंगे। इसके अलावा हर घर के बाहर मीटर भी लगेगा। जिसके बिल का भुगतान बिजली बिल की तरह होगा। मतलब साफ है कि जो जितने पानी का प्रयोग करेगा, उसे उतना बिल देना होगा। अब तक जल कर और जल मूल्य को गृह कर के अनुसार पूरे साल का एक साथ लिया जाता है। किस घर में पानी का कितना प्रयोग हो रहा है, उसकी जानकारी भी मिल सकेगी।
पूरे शहर में लागू होगा माॅडल
इस वार्ड में माॅडल की सफलता के बाद पूरे शहर में यह सिस्टम लागू हो जाएगा। वर्तमान में करीब 45 हजार पानी के कनेक्शन शहर में हैं। अधिकतर जगहों पर पाइप लाइन बिछी हुई है। इन मोहल्लों में सिर्फ घरों के बाहर पानी के मीटर लगाए जाएंगे।
लीकेज की मिलेगी तुरंत जानकारी
पाइप लाइन में लीकेज होने की जानकार तुरंत जल निगम के कंट्रोल रूम को मिलेगा। इसके लिए जगह-जगह सेंसर सिस्टम भी लगेगा। एक घंटे के अंदर लीकेज को हर हाल में सही किया जाएगा।
यह कहते हैं अधिकारी
नगर पालिका की ओर से जल निगम के अधिकारियों को नलकूप व ओवरहेड टैंक के लिए जमीन दी गई है। मॉडल से संबंधित कोई भी परेशानी जल निगम के अधिकारियों को आएगी तो उसका निस्तारण कराया जाएगा।
- मनोज कुमार, ईओ व डिप्टी कलक्टर
प्रोजेक्ट के तहत टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। जल्द ही वार्ड 20 में काम शुरू कराया जाएगा।
- अमीरुल हसन, जल निगम नगरीय
-