दो या तीन लाइसेंस रखने वाले धारकों को अब अलग बुक रखने के झंझट से निजात मिल जाएगी। सरकार के आदेश के बाद अब एक ही बुक पर तीन शस्त्र की एंट्री हो सकेगी।
नवीनीकरण और दूसरी औपचारिकताएं भी एक साथ पूरी होने के अलावा तीन लाइसेंस तक का एक ही यूनिक कोड भी मिल सकेगा। जिले में सैकड़ों लाइसेंस धारक ऐसे हैं जिनके पास एक से अधिक शस्त्रों के लाइसेंस हैं।
इनको केंद्र सरकार ने राहत दी है। अब दो या तीन शस्त्रों के लिए इन्हें अलग बुक रखनी नहीं पड़ेंगी। एक ही बुक पर तीन लाइसेंस तक की ऐंट्री हो जाएगी। इतना ही नहीं इन शस्त्रों के नवीनीकरण के लिए होने वाली परेशानियों से भी बचा जा सकेगा।
इन शस्त्र लाइसेंसों का एक ही यूनिक आईडी नंबर (यूआईएन) होगा। इनका नवीनीकरण भी एक साथ हो सकेगा। हालांकि नवीनीकरण के लिए सभी लाइसेंस का अलग अलग निर्धारित शुल्क जमा करना पड़ेगा।
इस संबंध में एडीएम रजनीश राय का कहना है कि दो या तीन लाइसेंस धारकों को इस नए नियम से निश्चित रूप से राहत मिलेगी।