प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार को बुलंदशहर रोड पर अतिक्रमण हटाया। उन्होंने जेसीबी से दुकानों के बाहर बने टीन शेड, चबूतरे आदि तोड़े। एक जगह पर अतिक्रमण का विरोध भी हुआ।
व्यापारी का आरोप था कि बैनामा होने के बाद दुकान के बाहर बना चबूतरा तोड़ दिया गया। जबकि टीम के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन पर चबूतरा बना हुआ था।
एसडीएम शमशाद हुसैन, सीओ विशाल यादव, तहसीलदार दीपक कुमार, नगर पालिका के सहायक अभियंता एसके सक्सेना, जेई रईस अहमद, प्राधिकरण के सहायक अभियंता अनुराग चौधरी शनिवार सुबह तीन जेसीबी लेकर बुलंदशहर रोड पहुंचे। जहां टीम के साथ दुकानों के बाहर फैले अतिक्रमण और टाइल्स लगाकर, सड़क को तोड़ा।
पुलिस ने कई बार वहां जमा भीड़ को हटवाया। एक चिकन कॉनर के बाहर बने चबूतरे को तोड़ने पर उसके मालिक ने अपना बैनामा दिखाया और कहां कि यह उनकी भूमि है। जबकि पालिका के सहायक अभियंता और तहसीलदार ने कहा कि कुछ भाग सड़क में आ रहा है, जिसे तोड़ा जाएगा। टीम ने जदीद पुलिस चौकी तक अस्थाई अतिक्रमण को हटवाया।
बिजली के खंभों पर लगे होर्डिंग्स को भी पालिका टीम ने हटवाया। एसडीएम शमशाद हुसैन ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान सख्ती के साथ चलाया जाएगा। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा।