रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक अधेड़ की बीमारी के चलते मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। परिजन हापुड़ आकर शव अपने साथ ले गए। परिजनों के मुताबिक वह डेंगू बीमारी से ग्रसित थे।
मेरठ के जैदी फार्म निवासी जफर (55) को शनिवार की सुबह लगभग छह बजे पैतृक गांव बिहार के जिला किशनगंज के गांव बोहिती जाना था। वह अपने कुछ साथियों के साथ हापुड़ स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर दो पर गुवाहटी एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि वह कुछ दिन से बुखार से पीड़ित था। इसके चलते एकाएक उनकी हालत बिगड़ गई। साथ के लोगों ने उनके पुत्र जुल्फेकार को सूचना दी। इस बीच प्लेटफार्म पर उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर मेरठ से परिजन हापुड़ पहुंच गए।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन उनकी मौत डेंगू से बता रहे हैं। उधर, जीआरपी प्रभारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि मौत की वजह बीमारी बताई जा रही है। परिजनों ने पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया है।