कई दिन से बीमार थे पूरन सैनी
तगासराय गुली निवासी पूरन सैनी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। वे यहां सड़क किनारे अपने मकान में रहते थे। पूरन सब्जी बेचने का कार्य करते थे। जबकि उनका बेटा बंटी हलवाई का काम करता है। गुरुवार की रात पूरन सैनी घर में ही सो रहे थे, लेकिन सुबह परिजनों की आंख खुली तो वे अपने बिस्तर पर नहीं थे। किसी अनहोनी की आशंका से परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
हादसे के बाद लोगों में गुस्सा
इसके बाद परिजनों ने नाले में गिरने की आशंका को देखते हुए खोज बीन शुरू की तो उनका शव नाले से बरामद हुआ। नाले में बुजुर्ग की खबर का पता चलते ही आस-पास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और रोष प्रकट किया। इसके बाद शव का शाम के समय ब्रजघाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस संबंध में फिलहाल परिवार के किसी सदस्य ने किसी अधिकारी से शिकायत नहीं की है, लेकिन मोहल्ले के लोगों में इस घटना के बाद से रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि लगातार खुले नालों में गिरकर लोगों की मौतें हुई हैं, लेकिन इसके बाद भी नगर पालिका के अधिकारियों की आंखें नहीं खुल रही हैं। इस दिशा में अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
अधिकारी बोले- बजट नहीं हुआ पास
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। हालांकि नालों को पाटने के लिए करीब 30 करोड़ का प्रस्ताव भेजा हुआ है, लेकिन बजट स्वीकृत न होने के कारण अभी यह कार्य शुरू नहीं हो सका है। इसके लिए शासन को एक बार फिर रिमांइडर भेजा जाएगा।