हापुड़। बुधवार सुबह पुराना बाजार स्थित दुकान से अंडे खरीदना एक युवक को भारी पड़ गया। अंडे की जर्दी अंदर से लाल व नारंगी रंग की निकलने पर हंगामा हो गया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला नूरबफान गंज निवासी हैदर अली ने बुधवार की सुबह पुराना बाजार स्थित दुकान से बच्चों के लिए 12 अंडे खरीदे थे। अंडों को लेकर वह घर पहुंचा और उबालकर बच्चों को दिए। इस बीच अंडों को अंदर से काटने पर जर्दी पीली की जगह गहरी लाल और नारंगी रंग की निकली। इस पर युवक ने दुकान पर जाकर हंगामा किया। साथ ही अंडों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्हें नकली बताया। आसपास खड़े लोग भी चौंक गए। युवक ने मौके से ही पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की जानकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को भी दी गई है। जिस पर टीम ने जांच शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त द्वितीय सुनील कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीम जांच कर रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गुप्ता को जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लिए थे नमूने
शनिवार की रात भी साधारण अंडों को रंगकर देसी अंडे के रूप में बेचने और उनमें प्रतिबंधित एंटीबायोटिक नाइट्रोफ्यूरन (दवाओं) की मिलावट करने की शिकायत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से की गई थी। विभाग की टीम ने सिकंदर गेट और पुराना बाजार में दो दुकानों से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे थे।
सर्दियों में तेजी से बढ़ी मांग
सर्दी के दिनों में अंडों की मांग तेजी से बढ़ी है। सर्दी से बचाव के लिए इन दिनों देसी अंडों की मांग सबसे ज्यादा रहती हैं, जबकि आम दिनों में इनकी कमी रहती है। इस कमी को दूर करने के लिए कुछ लोग साधारण अंडों को रंगने और इन पर चाय की पत्ती का पानी डाल रहे हैं। इसको लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं।