यूपी के हापुड़ स्थित बहादुरगढ़ क्षेत्र में अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पलटने से उसके नीचे दबकर ढाई माह की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव ढोलपुर में निवासी एक किसान के गांव ढोलपुर में स्थित कृषि फार्म पर बिहार निवासी सराय काम करता है। जिसका परिवार भी कृषि फार्म पर ही रहता है। छह दिसंबर को उसका साढू छोटू और उसकी पत्नी जोधा निवासी मेरठ अपनी ढाई माह की बच्ची आसिफा को लेकर उनसे मिलने आए थे। लेकिन अचानक एक बच्चे की तबियत खराब होने पर बृहस्पतिवार को डहरा कुटी पर स्थित एक क्लीनिक पर दवाई लेने चले गए। जहां से ई-रिक्शा में बैठकर सभी लोग वापस ढोलपुर लौट रहे थे। गांव के निकट एक बाग के पास सडक़ का गड्ढा बचाने के लिए अचानक ई-रिक्शा चालक ने प्रयास किया, लेकिन अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पलट गई।
हादसे में ई-रिक्शा में मौजूद अन्य लोगों को मामूली चोट आई, लेकिन छोटू की ढाई साल की बेटी आसिफा रिक्शा के नीचे दब गई। जिसे वहां से निकालकर परिजन तुरंत ही स्थानीय चिकित्सक के यहां पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बहादुरगढ़ थाना एसएसआई बासुदेव सिंह का कहना है कि इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।