पिलखुवा/हापुड़। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में डूहरी पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की रात एक हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में ई रिक्शा चालक अजय कुमार (33) निवासी न्यूज आर्य नगर की बर्फ तोड़ने के सुए से गोदकर हत्या कर दी। मरने से पहले मृतक ने हत्यारोपी का नाम परिजनों को बताया। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी टिंकू को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहल्ला न्यू आर्य नगर निवासी अजय कुमार ई-रिक्शा चलाता था। मंगलवार रात वह डूहरी पेट्रोल पंप के पास गांव पबला निवासी टिंकू के साथ मौजूद था। दोनों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर अजय पर बर्फ तोड़ने वाले सुएं से दो से तीन वार कर दिए। हमले में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे अजय के अन्य दोस्त ने उसका वीडियो बनाया, जिसमें उसने बताया कि उसकी हत्या गांव पबला निवासी टिंकू ने की है। इसके बाद घायल को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले की पुलिस को सूचना दी।
उधार रुपये न देने पर की हत्या
पुलिस के अनुसार अजय ने कुछ दिन पहले टिंकू से पांच हजार रुपये उधार लिए थे। टिंकू भी ई-रिक्शा चलाता है और अजय का दोस्त है। अक्सर दोनों साथ रहते थे। अजय ने उधार लिए पांच हजार में से चार हजार रुपये लौटा दिए थे। लेकिन बार-बार तकादा करने के बाद भी वह एक हजार रुपये नहीं लौटा रहा था। जिसके कारण मंगलवार रात दोनों का आपस में विवाद हुआ और टिंकू ने अजय की पीठ में सुआं घोप दिया। सुआं पीठ में बाईं ओर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक शादीशुदा था, उसके तीन बेटी और बेटा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
कोट -
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। उसने पूछताछ में हत्या करना कुबूल किया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। - विनीत भटनागर, एएसपी।