सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त बस। संवाद
सिंभावली। बुधवार को गलत दिशा से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर ने यात्रियों से भरी निजी बस को टक्कर मार दी। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। हादसे में छह यात्री घायल हो गए। इनमें एक व्यक्ति व एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार बरेली से हिमाचल प्रदेश के लिए निजी बस रवाना हुई थी। इसमें सौ से अधिक यात्री सवार थे। जैसे ही बस पुराने हाईवे पर सिंभावली थाने के सामने पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रहा डंपर अचानक सड़क पार करने लगा और बस से भिड़ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक मनजीत सिंह निवासी हरोड़ा मोड़ समेत करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा में भर्ती कराया गया। घायलों में सीतापुर निवासी विसंबर और उनकी पत्नी फूलमती की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहन नियमों की अनदेखी करते हैं। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि गलत दिशा में आ रहे डंपर के कारण हादसा हुआ है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त बस। संवाद