हापुड़। झमाझम बारिश के कारण शहर, देहात की बिजली आपूर्ति रात और दिन में प्रभावित रही। शहरी क्षेत्र में बुलंदशहर रोड के इलाकों ने सबसे अधिक बिजली संकट झेला। साथ ही गांवों को भी पांच से आठ घंटे बाद आपूर्ति मिल सकी। जगह जगह 40 से अधिक स्थानों पर बड़े फाल्ट हुए।
रविवार रात करीब 12 बजे से बरसात शुरू हुई। बौछार से लाइन में लगे इंसुलेटर फाल्ट होने लगे। इस कारण कभी किसी मोहल्ला तो कभी किसी मोहल्ले की आपूर्ति बाधित होती रही। रात 12 बजे के बाद से ही बिजलीघरों के फोन घनघनाने लगे। रात्रि चर गैंग को रात में ही दौड़ाया गया, लेकिन बरसात तेज होने के कारण समय से फाल्ट दुरूस्त नहीं हो सके।
सुबह सवा चार बजे मोदीनगर रोड स्थित 132केवी बिजलीघर की आपूर्ति फेल हो गई। इस कारण इससे जुड़े सब स्टेशन भी ठप हो गए। अतरपुरा बिजलीघर के फीडर नंबर दो और तीन हाइटेंशन लाइन में फाल्ट से ट्रिप हो गए। मोदीनगर रोड से जुड़े नवभारत पेपर मिल, चामुंडा पेपर मिल के फीडरों की आपूर्ति भी बाधित हो गई।
गोयना फीडर की पेट्रोलिंग कई घंटे तक कराई गई। धीरखेड़ा, कैली बिजलीघर से जुड़े इलाकों में आपूर्ति प्रभावित रही। अमूल फीडर का पोल टूटने से भी आपूर्ति बाधित रही। कुल मिलाकर दिनभर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इन इलाकों ने झेला बिजली संकट
बुलंदशहर रोड के मजीदपुरा, आवास विकास, मोती कॉलोनी, नवाजीपुरा, इंद्रगढ़ी, महताब गढ़ी, फूलगढ़ी, तगासराय, छज्जुपुरा, राजीव विहार, गोपीपुरा, सराय बसारत अली, रियाजुपुरा, कोठीगेट, खाई, नूरबफान गंज, माता मोहल्ला, कसेरठ बाजार रफीकनगर, राजीव विहार, त्रिलोकीपुरम, मजीदपुरा, अलीनगर, कोटला मेवतियान, दिल्ली गेट, गद्दा पाड़ा, जगदीशपुरम, पीरबाउद्दीन, किशनपुरा के लोगों ने सबसे अधिक बिजली संकट झेला
बरसात के कारण आपूर्ति हुई बाधित
Iजिले के तीनों डिवीजन में बरसात के कारण फाल्ट से ही आपूर्ति प्रभावित हुई थी। सभी बिजलीघरों से जुड़े इलाकों में सप्लाई सुचारू करा दी गई है।एसके अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता।I