हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड पर बुधवार की देर रात एक सिपाही ने नशे में हालत में बीच सड़क पर बैठकर हंगामा किया। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में चालक अपने-अपने वाहनों को सिपाही से बचाते हुए निकाल रहे थे। सिपाही के यह हंगामा करीब आधे घंटे से भी ज्यादा रहा। वहीं, मोदीनगर रोड पर एक ट्रक चालक की पुलिसकर्मियों द्वारा पिटाई करने का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
सिपाही हापुड़ में ट्रैफिक पुलिस में तैनात बताया जा रहा है। देर रात वीडियो में सिपाही नशे की हालत में दिल्ली रोड पर बीच सड़क पर बैठ गया। यहां बैठकर सिपाही अपने कान पर मोबाइल फोन लगाकर किसी से बात करता हुआ दिखाई दे रहा है। इसी दौरान लोगों द्वारा वीडियो बनाए जाने पर उसने हंगामा भी किया। वहीं एक अन्य वीडियो में ट्रैफिक सिपाही और होमगार्ड एक ट्रक चालक की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। जबकि ट्रक चालक चालान करने की मांग कर रहा था। यह वीडियो मोदीनगर रोड का बताया जा रहा है। सीओ यातायात राहुल यादव ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जबकि दूसरे मामले की भी जानकारी कराई जा रही है।