हापुड़। मुरादाबाद रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजकुमार सिंह ने शनिवार को हापुड़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे लाइन पर चल रहे कार्य और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सुंदरीकरण कार्य का जायजा लिया।
डीआरएम राजकुमार सिंह महरौली और डासना के बीच रेलवे लाइन पर चल रहे ऑटोमेटिक सिग्नल सिस्टम का निरीक्षण करने जा रहे थे। शनिवार दोपहर स्पेशल कोच में सवार होकर हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां उन्होंने रेलवे स्टेशन और दोयमी फ्लाईओवर के मध्य रेलवे लाइन पर टेंपिंग मशीन द्वारा किए जा रहे कार्य का जायजा लिया।
इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म, मुख्य द्वारा, रेलवे अस्पताल, पार्किंग एरिया, टिकट काउंटर, एटीवीएम का जायजा लिया। इसके बाद डीआरएम राजकुमार सिंह अन्य अधिकारियों के साथ पिलखुवा के लिए रवाना हो गए। जहां उन्होंने लाखन स्टेशन का निरीक्षण किया। इस मौके पर डीएसटी तेजस्वी शर्मा, सीनियर डीओएम चेतन तनेजा, सीनियर डीएमसी सुशील कुमार, आईओडब्ल्यू वीके त्यागी, सीएमआई हरिचरण मीणा आदि मौजूद रहे।
वाल्मीकि मंदिर के रास्ते का उठाया मुद्दा-
सांसद प्रतिनिधि अशोक बबली व विनोद गुप्ता ने डीआरएम राजकुमार सिंह के निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन के समीप स्थित वाल्मीकि मंदिर के रास्ते का मुद्दा उठाया। इस संबंध में उन्होंने डीआरएम को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग उठाई।
महरौली-डासना के बीच शुरु हुआ ऑटोमेटिक सिग्नल सिस्टम-
महरौली और डासना के बीच रेलवे लाइन पर चल रहे ऑटोमेटिक सिग्नल सिस्टम कार्य का पूरा कर लिया गया। ऑटोमेटिक सिग्नल सिस्टम शुरु होने से ट्रेनों को सिग्नल के कारण रास्तों में बेवजह नहीं रोकना पड़ेगा। एक ही रुट पर एक के पीछे एक ट्रेन आसानी से चल सकेगी।