हापुड़ में सुबह बूंदाबांदी के बाद आसमान में छाये बादल। संवाद
हापुड़। सूरज की तपिश और लू के थपेड़ों से परेशान लोगों को बुधवार को मौसम बदलने के बाद भीषण गर्मी से राहत मिली। पिछले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। बुधवार को आकाश में बादलों की आवाजाही के साथ ही सूरज की तपिश और गर्म हवा का प्रकोप कम होने से थोड़ी राहत रही। मौसम विभाग के अनुसार आज भी बूंदाबांदी का अनुमान है।
पिछले दस दिनों से जिलेवासी भीषण गर्मी के प्रकोप से बेहाल थे। दोपहर के समय लू के थपेड़े भी लोगों को सता रहे थे, जिस कारण लोग घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे थे। बुधवार सुबह मौसम ने करवट बदली तो आकाश में काले बादल छा गए और थोड़ी देर बाद बूंदाबांदी भी शुरू हो गई है।
गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के बाद सड़कों और बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ी। दिन के साथ ही रात के मौसम में भी बदलाव देखने को मिला। बुधवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले एक सप्ताह में सबसे कम रहा। दिन में 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली और आर्द्रता 24 फीसदी रही। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। बृहस्पतिवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।