गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ रोडवेज डिपो के एआरएम हेमंत मिश्रा ने बताया कि होली के लिए परिवहन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी हैं। होली के मौके पर चालक-परिचालकों को लुभाने के लिए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि होली के मौके पर 10 दिन तक रोजाना 300 किलोमीटर बस दौड़ाने पर चालक-परिचालकों को चार हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे। त्योहारों के मौके पर सवारियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए परिवहन विभाग सभी रूटों पर बसों के फेरे बढ़ा देता है। क्योंकि त्योहारों पर यात्रियों की संख्या ज्यादा रहती है। इसके अलावा चालक-परिचालक अधिक काम करें, इसके लिए प्रोत्साहन राशि योजना भी चलाई जाती है। यह योजना आठ से 18 मार्च तक चालू रहेगी। संविदा चालक और परिचालकों को निर्धारित 10 दिनों तक रोजाना 300 किलोमीटर बस चलाने पर 3500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा 11 दिन तक बस चलाने पर 4400 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे। नियमित तकनीकी कर्मचारी और आईटीआई संविदा कार्मिक को भी विभाग उनके काम के हिसाब से प्रोत्साहन राशि देगा। इसको लेकर डिपो के सभी चालक-परिचालकों को होली के मौके पर अधिक बस चलाने के निर्देश दिए गए हैं।