हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में अतिरिक्त दहेज में 50 लाख रुपयों की मांग पूरी न करने पर ससुराल पक्ष के लोगों पर विवाहिता को घर से निकालने का आरोप लगा है। आरोप है कि दहेज लोभियों ने विवाहिता को पीटा और गहने छीनकर उसे दिल्ली छोड़ गए। एसपी के आदेश पर महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव लालपुर निवासी चांदनी ने बताया कि छह फरवरी को उसकी शादी हरियाणा के जिला रोहतक के गांव मकड़ौली खुर्द निवासी मोहित बजाड़ से हुई थी। शादी में पिता ने 50 लाख रुपये का दान-दहेज देकर उसे विदा किया था। शादी के कुछ समय बाद से ही पति मोहित बजाड़, सास गुड्डी देवी, देवर रोहित व ननद वर्षा ने अतिरिक्त दहेज में 50 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर आरोपी आए-दिन उसके साथ मारपीट करने लगे। 30 मार्च को आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा और गहने छीनकर उसे दिल्ली में छोड़कर फरार हो गए। पांच अप्रैल को आरोपी एकत्र होकर उसके मायके पहुंचे और उसकी पिटाई की। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले में महिला थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।