सिंभावली। क्षेत्र के गांव हाजीपुर निवासी आशा ने थाने में तहरीर दी है। महिला ने बताया कि उसकी शादी करीब पांच साल पहले जनपद गाजियाबाद के थाना विजयनगर क्षेत्र के मोहल्ला निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीडऩ करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने 10 लाख रुपये की मांग की, जिसे पूरा न करा पाने पर पति और ससुरालियों ने कमरे में बंद कर बेरहमी से उसकी पिटाई की। महिला ने बताया कि उसके मायके वालों ने कई बार ससुरालियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। आरोपियों ने हत्या के इरादे से उसकी साड़ी में आग भी लगा दी, लेकिन वह किसी तरह बच गई। इस बारे में जानकारी मिलने पर जब उसका भाई ससुराल पहुंचा, तो आरोपियों ने पिटाई कर उसे भी घायल कर दिया। जिसके बाद आरोपियों ने उसे और उसके भाई को घर से निकाल दिया। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।