हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड निवासी विवाहिता को दहेज में 25 लाख रुपये व कार की मांग पूरी न करने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने पीटकर घर से निकाल दिया। विवाहिता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ज्योति शर्मा ने बताया कि दो दिसंबर 2024 को उनकी शादी वासु शर्मा निवासी पिलखुवा से हुई थी। परिजनों ने उनकी शादी में 17 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी में मिले दान दहेज से पति वासु शर्मा, ससुर सुधीर शर्मा व ननद शगुन शर्मा नाखुश थे। ननद ने उन्हें ताना दिया कि तुम्हारे पिता ने बिचौलिया से शादी में 50 लाख रुपये खर्च करने की बात कही थी। उसके भाई की मर्जी के अनुसार शादी नहीं हुई।
इसके बाद आरोपी दहेज में 25 लाख रुपये व कार की अतिरिक्त मांग कर उनका उत्पीड़ऩ करने लगे। आरोपियों ने 13 दिसंबर को विवाहिता के नाम पर एक प्लॉट बेचकर उन्हें रुपये देने का दबाव भी बनाया था। विरोध करने पर गाली गलौज कर आरोपियों ने उनकी पिटाई की। इससे वह बीमार हो गई और आरोपियों ने उनका इलाज भी नहीं कराया। आरोपियों ने उनके गहने भी अपने कब्जे में ले लिए।
आरोप है कि दो जनवरी को दोबारा आरोपियों ने प्लॉट का बैनामा करने का उनपर दबाव बनाया। उन्होंने इसकी जानकारी अपने माता पिता को दी। सूचना पर उनके माता पिता उनकी ससुराल पहुंचे और प्लॉट न बेचने की बात कही। इस पर आरोपियों ने पिटाई कर उन्हें जबरन घर से निकाल दिया। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीडि़ता की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।