उड़ी में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजली देने रेलवे रोड स्थित देवी मंदिर पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए लोगों ने रेलवे रोड पर तिरंगा झंडा फहराकर जुलुस निकाला। आतंकी घटना का लोगों में भारी आक्रोश था,
सभी लोग पाकिस्तान को मुहं तोड़ जवाब देने की बात कह रहे थे। उड़ी में हुई आतंकी घटना में भारतीय सेना के 18 जवान शहीद हो गए हैं। इससे देशवासियों में आतंकवाद व पाकिस्तान के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा है।
मंगलवार देर शाम डा.नरेंद्र केन, प्रदीप त्यागी, स्वामी धर्मेश्वरानंद सरस्वती के नेतृत्व में अनेक लोग रेलवे रोड स्थित देवी मंदिर पर एकत्र हुए। वहां लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजली देकर रेलवे रोड पर जुलूस निकाला। पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे से पूरा शहर गूंज उठा।
हर व्यक्ति के मुहं पर पाकिस्तान को कड़ा जवाब देने की बात थी। जुलूस जैसे जैसे बढ़ता गया सैकड़ों की संख्या में देशभक्त उसमें शामिल होते गए। इस मौके पर राकेश त्यागी, प्रशांत गौड़, डॉ. विपिन गुप्ता, डॉ. विक्रांत बंसल, मनोज कर्णवाल, डॉ. विकास अग्रवाल, विवेक शर्मा आदि मौजूद रहे।
उपेड़ा गांव में चंदन आरटीआई एसोसिएशन के तत्वावधान में ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजली दी। इस मौके पर अमर पाल सिंह, बलवंत सिंह, धनवंत त्यागी, अशोक कुमार, लोकेंद्र आदि रहे।
आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजली देकर कांग्रेसियों ने पाकिस्तान का पुतला फूंक विरोध प्रदर्शन किया। वहीं सर्वसमाज के लोगों ने नवाज शरीफ का पुतला फूंका। बहादुरगढ़ क्षेत्र के सालारपुर गांव में मंगलवार को कांग्रेसियों ने रैली निकाली।
इसमें कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से तत्काल पाकिस्तान के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। कुलदीप शर्मा, हरीश शर्मा, संदीप चौहान, ब्रह्मपाल, चेतन शर्मा, पवन शर्मा, श्योराज सिंह, गोविंदा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान 56 इंच की छाती होने का दावा भरने वाले पीएम मोदी अब चुप्पी साधकर बैठे हुए हैं।
वहीं सिंभावली क्षेत्र के गांव श्यामपुर जट्ट में समाजसेवी अंकित वर्धन और भरत सिंह गौतम के नेतृत्व में सर्वसमाज के लोगों ने विरोध रैली निकाली। इसमें पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
अरुण, वेदप्रकाश, गौरव, सलमान, आमिर ने कहा कि पाकिस्तान ने सारी हदें पार कर दी हैं। अब सरकार को कोई मुंहतोड़ जवाब देना होगा। गुस्साए लोगों ने गांव के मुख्य चौराहे पर नवाज शरीफ का पुतला फूंका।
आतंकी हमले के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चंडी फाटक के पास आतंकवाद का पुतला फूंका। साथ ही प्रधानमंत्री से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे आप के वेस्ट यूपी संगठन प्रभारी सीएम चौहान के नेतृत्व में अनेक कार्यकर्ता चंडी फाटक के पास एकत्रित हुए।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आतंकवाद का पुतला फूंका। सीएम चौहान ने कहा कि अब प्रधानमंत्री को हर हाल में ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि दहशतगर्द दोबारा इस तरह की कोशिश न करें।
पुतला दहन के दौरान नगर संयोजक राजेश चौधरी, इमरान खान, मौलाना साजिद, हाजी अहमद, सरफराज खान, राजीव शर्मा, विनोद सैनी, संजय अग्रवाल, रामभूल तोमर, कपिल मित्तल आदि मौजूद रहे।
धौलाना विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रहे वासिद प्रधान ने कहा कि जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार को ईंट का जवाब पत्थर से देने की जरूरत है। वासिद प्रधान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को कई बार ऐसे ही छोड़ा जा चुका है,
इसका वह नाजायज फायदा उठा रहा है। अब वक्त आ गया है कि पाकिस्तान के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इस दौरान अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुबारिकपुर गांव के लोगों ने मंगलवार को आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी। ग्रामीण जावेद ने कहा कि प्रधानमंत्री व गृहमंत्री को आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही शहीद सैनिकों के परिजनों को आर्थिक सहायता भी दी जानी चाहिए।
इस दौरान युवाओं ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजली दी। इस मौके पर राजू कसाना, गुड्डू, सचिन नागर, इरफान, सुमित कसाना, विक्रम कसाना आदि मौजूद रहे। इसके अलावा कुचेसर रोड चौपला पर भी युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजली दी।
सोमवार रात युवा कुचेसर रोड चौपला स्थित सुभाष चंद बोस की प्रतिमा पर एकत्रित हुए। मनोज प्रधान व विकास चावा ने कहा कि कश्मीर में आतंकवाद दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
सरकार को अब पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। इस मौके पर ललित मास्टर, दीपू सिरोही, अभिषेक सिरोही, मोन्टू शर्मा, मुकुल सिंह, राजीव, कुनाल, विशाल गोयल आदि मौजूद रहे।