बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव बछलौता में दुकान से सामान लेने जा रहे दस वर्षीय बच्चे पर पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया। इसमें बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के लिए रेफर किया है। वहीं, बच्चे के पिता ने थाने में तहरीर दी है।
गांव निवासी मोनी ने बताया कि पांच दिन पहले उसका दस वर्षीय पुत्र रियांश गांव स्थित दुकान से सामान लेने जा रहा था। रास्ते में गांव निवासी एक व्यक्ति के पालतू कुत्ते ने उसके पुत्र पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने उसके पुत्र को बचाया। हमले में उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने ग्रामीणों की मदद से पुत्र को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उसने इसकी शिकायत कुत्ते के मालिक से की। इस पर उसने गाली गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।