पिलखुवा। शहर में कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को अलग-अलग स्थानों पर कुत्तों ने युवती समेत पांच लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों ने अस्पताल पहुंचकर एंटी रेबीज की वैक्सीन लगवाई।
दिल्ली से मोहल्ला खटीकान में शादी समारोह में पहुंची युवती हिमानी घर से बाहर किसी काम से जा रही थी। इसी दौरान गली के कुत्ताें ने उन्हें घेर लिया। एक कुत्ते ने उसके पैर में काट लिया। चीख सुनकर आसपास के लोगों ने उसे बचाया। वहीं, रेलवे रोड पर दुकानदार विकास शर्मा ने बताया कि वह अपनी दुकान के बाहर खड़े होकर ग्राहकों से बात कर रहे थे तभी एक कुत्ते ने हमला कर घायल कर दिया। रेलवे रोड निवासी असलम, आरिफ व भोला पुरी के विकास को भी कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। सभी घायलों ने पास की ही सरकारी अस्पताल जाकर एंटी रेबीज की वैक्सीन लगवाई। लोगों ने कुत्ताें को पकड़वाने और नसबंदी करवाने की मांग की है। नगर पालिका के अध्यक्ष विभु बंसल का कहना है कि जल्द ही आवारा कुत्तों को पकड़वा कर उनकी नसबंदी करवाई जाएगी।