पिलखुवा। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। बृहस्पतिवार को ननिहाल में आए मासूम को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया है। परिजनों ने मासूम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
राजस्थान के जयपुर निवासी 10 वर्षीय जीत अपने परिजनों के साथ पिलखुवा में तीन मूर्ति मंदिर के पास ननिहाल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। बृहस्पतिवार को घर के बाहर गली में खेलते समय बच्चे पर कुत्ते ने हमला कर घायल कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर पहुंचे लोगों ने कुत्ते को भगाया। वहीं परिजन बच्चे को लेकर सीएचसी पहुंचे। सीएचसी के प्रभारी चिकित्सक शेखर सिंह का कहना है कि बच्चे को कुत्ते ने दो से तीन जगह काटा था, घाव की सफाई के बाद पट्टी और एंटी रैबीज की वैक्सीन लगवाकर घर भेजा दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष इस मौसम में कुत्ते खुंखार हो जाते हैं, जिसके साथ मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। नवंबर में 800 से अधिक लोगों ने एंटी रैबीज की वैक्सीन लगाई गई है। हालांकि इनमें कुत्तों के अलावा बंदर, छपकली, चूहा के काटने वाले में शामिल हैं।