होली के मद्देनजर डीएम के निर्देश पर सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की तैनाती 24 घंटे सुनिश्चित की गई थी। सीएमओ ने भी चिकित्सकों को इस संबंध में निर्देश किया था। रविवार को सीएमओ, एसीएमओ के औचक निरीक्षण में दो चिकित्सक लापरवाही बरतते मिले, इनमें एक का तबादला और दूसरे चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एसीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि रविवार को सीएमओ के नेतृत्व में वह सिंभावली पीएचसी पहुंचे। वहां तैनात फार्मासिस्ट आनंद बिना बताए अनुपस्थित मिला। मामले की गंभीरता पर उसका तबादला गढ़मुक्तेश्वर के झड़ीना स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद गढ़मुक्तेश्वर स्थित सीएचसी का निरीक्षण किया गया। वहां भी तैनात चिकित्सक डॉ. शशि चंद्रा सोती मिलीं। इस संबंध में उक्त चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि होली पर चिकित्सकों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।