नशेड़ी पति ने पत्नी को दोस्तों के सामने नाचने का दबाव बनाया, जिसका विरोध करने पर पत्नी की पिटाई कर उसके कपड़े फाड़ दिए। शोर सुनकर मां का बचाव करने आई बेटी की भी पिटाई की दी।
सिंभावली क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की सुबह करीब 8 बजे एक युवक नशे में धुत होकर अपने चार दोस्तों को लेकर घर आ गया। यहां उसने अपनी पत्नी पर दोस्तों के सामने नागिन डांस करने के लिए दबाव बनाने लगा।
पत्नी ने ऐसा करने से इंकार कर दिया। इस पर नशेड़ी पति आग बबूला हो गया। उसने गाली-गलौज करते हुए पत्नी को बेरहमी से पीटकर उसके कपड़े भी फाड़ डाले। चीख पुकार सुनकर मां का बचाव करने आई 15 साल की बेटी की भी उसने बेरहमी से पिटाई कर दी।
इसके बाद चारों दोस्त वहां से चुपचाप निकल लिए। पड़ोसियों ने मामले की सूचना सौ नंबर पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले गई।
इसके खिलाफ पत्नी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसओ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि नशा उतरने के बाद आरोपी से पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी।