सिंभावली। क्षेत्र के गांव मुरादपुर में डीएम अभिषेक पांडेय की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण करने के आदेश दिए।
शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे डीएम अभिषेक पांडेय गांव मुरादपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय पहुंचे। यहां जन चौपाल में ग्रामीणों ने बताया कि कई लाभार्थियों को वृद्धा, दिव्यांग, विधवा पेंशन काफी समय से नहीं आ रही है। डीएम ने मौके पर विभागीय अधिकारी से समस्या का निस्तारण करने की बात कही। वहीं, ग्रामीणों ने कहा कि गांव में हाईटेंशन लाइन काफी जर्जर हो चुकी है, उसको बदलवाए जाने की आवश्यकता है, इसको लेकर ऊर्जा निगम के अधिकारियों को आदेश दिए गए। जबकि, कुछ ग्रामीणों ने पुराने पंचायतघर को बरात घर बनाने का विरोध किया तो डीएम ने मामले से जुड़ी फाइल की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान डीएम ने कहा कि गांव में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखें।