गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक मेले की तैयारियों को लेकर डीएम ने मंगलवार को मेला स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने मेले में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और मेले को पॉलिथीन मुक्त बनाने के निर्देश दिए। साथ ही मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने, सड़क, सुरक्षा व लाइटों का समुचित प्रबंध समय से पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी ठेकेदारों को दिए गए समय में संपूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मंगलवार की शाम जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने सदर बाजार, मीना बाजार, पुलिस लाइन, जिला पंचायत आदि कार्यालयों का निरीक्षण किया। अभी तक की गई तैयारियों से वह संतुष्ट नजर आए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्राथमिकता में शामिल है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मेले में सदर सहित विभिन्न सेक्टरों में बनाई जा रही अस्थायी सड़कों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान होना चाहिए। सभी सेक्टरों तक सड़क, लाइट व प्रकाश की व्यवस्था का कार्य समय से पूरा करने, स्नान के लिए घाट, गहरे जल से पहले बैरिकेडिग लगाई जाए। गोताखोरों और नाव का समुचित प्रबंध किया जाए। मेले में समय से पहले हैंडपंप लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी हैंडपंपों के पानी की टेस्टिंग की जाए। श्रद्धालुओं को पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। प्रत्येक घाट पर कम से कम पांच-पांच नाव लगाई जाएं। वीआईपी घाट पर स्टीमर, सेफ्टी जैकेट आदि की समुचित व्यवस्था रहे।