हापुड़। डीएम कविता मीणा ने 15वें वित्त आयोग से मिली धनराशि के प्रस्तावों को लेकर नगर पालिका अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए चर्चा की। इस दौरान पालिका अधिकारी नौ करोड़ का बजट मिलने के बाद भी करीब 30 करोड़ रुपये के प्रस्ताव लेकर पहुंचे। जिस पर डीएम ने प्राथमिकता वाले जरूरी कार्यों की सूची बनाने के आदेश दिए हैं। अब आगामी सप्ताह में फिर से बैठक होगी, जिसमें कार्यों को स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका के अधिकारियों को पिछले वर्ष अक्तूबर से लेकर दिसंबर माह तक करीब नौ करोड़ रुपये का बजट 15वें वित्त आयोग से मिला था। आयोग से मिली धनराशि के बाद पालिका के निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मार्च माह में जाकर प्रस्ताव तैयार किए। सभी सभासदों से दो-दो प्रस्ताव लेने और अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव होने के कारण करीब 30 करोड़ रुपये के एस्टीमेट बने हैं। इन प्रस्तावों को अंतिम स्वीकृति डीएम द्वारा दी जाएगी। इसके बाद ही निर्माण कार्य होंगे।
अब डीएम कविता मीणा ने पालिका अधिकारियों के साथ बैठक की है। इसमें सभी प्रस्ताव देखे गए हैं। बजट से अधिक के प्रस्ताव होने के कारण कुछ कार्यों को ही स्वीकृति मिलेगी। इसमें भी एलएन रोड की जलनिकासी जैसे बड़े मुद्दे शामिल हैं। यही कारण है कि निर्माण विभाग के अधिकारी जलनिकासी, निर्माण में भी सीसी, इंटरलॉकिंग और डामर वाली सड़कों के प्रस्तावों को अलग-अलग कर रहे हैं। इन प्रस्तावों पर डीएम द्वारा पुन: चर्चा के बाद ही स्वीकृति मिलेगी।
मामले में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि जिलाधिकारी को सभी प्रस्ताव दिखाए गए हैं। अगले सप्ताह फिर से बैठक होगी। पहले प्राथमिकता वाले कार्यों को कराया जाएगा। इसके बाद शेष कार्यों को आगामी कार्ययोजना में शामिल करेंगे।