गढ़मुक्तेश्वर। मंगलवार की शाम डीआईजी कलानिधि नैथानी ने डीएम अभिषेक पांडेय, एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के साथ मेला स्थल पर बनाई गई अस्थायी रिजर्व पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान मेला क्षेत्र का निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएससी की कुल 12 नाव लगाई गई हैं। इसके लिए सभी का चार्ट तैयार कर दिया गया है। डीआईजी ने कहा कि सभी नावों पर लाइफ जैकेट, लाउड हेलर, टॉर्च रखी जाएं। जहां वर्जित क्षेत्र हो वहां पर सुरक्षा की दृष्टि से नाव अवश्य रखें। सभी घाटों पर दरोगा की तैनाती की जाए। इसके अलावा गंगा में बैरिकेडिंग मजबूत कराने और अधिक फैलाव भी बढ़ाने का निर्देश दिया। वहीं, गहरे पानी में बोर्ड और लाल झंडे लगाने के साथ ही दोहरी बैरिकेडिंग का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में फायर सर्विस, एंबुलेंस चालक, नाविक के नंबरों की सूची उपलब्ध कराएं। उन्होंने मेलावधि में रास्तों पर जाम न लगने देने की सख्त हिदायत दी। वॉच टॉवरों पर भी हर समय पुलिसकर्मियों को तैनात करने का निर्देश दिया। डीआईजी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही होने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।