प्रेक्षकों ने शुक्रवार शाम कलक्ट्रेट सभागार में डीएम - एसपी सहित जिले के सभी प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान आचार संहिता का पालन करने सहित चुनावी खर्च व प्रत्याशियों की सुरक्षा के संबंध में निर्देश जारी किए गए।
प्रत्याशियों को चुनाव का खर्च अलग खाते से करने को कहा गया। बैठक में डीएम अनिल ढींगरा ने प्रत्याशियों को बताया कि नामांकन से लेकर मतदान तक जो भी धनराशि व्यय की जाएगी, वह चुनाव के लिये प्रदत्त खातों से की जाए। प्रत्याशी सभी खर्चों का रजिस्टर जरूर बनाए।
प्रत्याशी की व्यक्तिगत कार का खर्च भी इसी खाते से किया जाएगा। हेलीकॉप्टर, पोस्टर, विज्ञापन आदि का खर्च भी प्रत्याशी के खातों से ही किया जाएगा। प्रत्याशियों को बताया गया कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन न हो।
रोड शो, रैली, वाहनों का काफिला, लाउडस्पीकर, पंपलेट की स्वीकृति पहले से लेनी होगी। किसी भी सरकारी आवास व कार्यालय को प्रचार के लिये प्रयोग में नहीं लाया जाएगा। एसपी अलंकृता सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय पार्टी के उम्मीदवार को दो सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराये जाएंगे।
सभी प्रत्याशियों को मतदान केंद्रो की लिस्ट उपलब्ध करा दी गई है। यदि किसी प्रत्याशी को लगता है कि कोई मतदान केंद्र संवेदनशील है या दंगा होने की संभावना है तो एसपी या डीएम को सूचित करके अतिरिक्त फोर्स की मांग कर सकते हैं।
पुलिस पर्यवेक्षक जितेंद्र ने बताया कि प्रथम चरण के मतदान में निर्वाचन आयोग द्वारा पैरामिलिट्री फोर्स उपलब्ध कराई जाएगी। निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव कराना प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था के लिए हापुड़ के लिए पुलिस प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
उनका मोबाइल 800229399 हैं। किसी को समस्या है तो इस नंबर पर भी समस्या का समाधान करा सकता है। बैठक में सीडीओ कुणाल सिल्कू, एसडीएम हापुड़ मीनू राणा, एसडीएम गढ़ आरएन पांडेय, एसडीएम धौलाना अजय कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद थे।