गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव झड़ीना में 50 वर्षीय किसान धर्मेंद्र की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने निर्णय लेते हुए सड़क हादसे के मुकदमे को हत्या की धाराओं में तरमीम करने की बात कही है। इस घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश बना हुआ है।
शनिवार को धर्मेंद्र बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान गांव में ही रास्ते में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जिसमें धर्मेंद्र के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए थे। प्रारंभ में पुलिस ने इसे सड़क हादसा मानते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन परिजनों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। परिजनों का आरोप है कि धर्मेंद्र की गांव के ही निवासी आशिफ व साहिल से घटना से एक दिन पहले कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद साहिल ने ही धर्मेंद्र ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या की है। आरोप है कि घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। इसको लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर जोरदार हंगामा किया था, लेकिन पुलिस ने निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन देकर भेज दिया था। हंगामे के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ी जाएंगी। वहीं, परजिनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की भी मांग की है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है।