गांव सिखेड़ा में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त करती एचपीडीए की जेसीबी। स्रोत एचपीडीए
सिंभावली। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को 10 स्थानों पर अवैध कॉलोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। वहीं सचिव ने सभी लोगों से मानचित्र पास कराकर और अनुमति के बाद ही निर्माण कार्य कराने का आह्वान किया है।
प्राधिकरण के सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि काफी दिनों से गढ़ क्षेत्र में अवैध रुप से बिना विभागीय अनुमति कॉलोनी काटे जाने की सूचना मिल रही थी। जिसके मद्देनजर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टीम के सदस्य भगवान सिंह, देशपाल सिंह, पीयूष जैन के साथ सिखेड़ा गांव में वेदप्रकाश की 6000 वर्ग मीटर, बिजेंद्र सिंह की 4500 वर्ग मीटर, वैठ मोड़ पर महमूद की 4000 वर्ग मीटर, असलम अली की 3000 वर्ग मीटर, हशुपुर मोड़ पर फुरकान अली की 5000 वर्ग मीटर, बक्सर में तय्यब अली 2500 मीटर, भगत सिंह 2000 वर्ग मीटर, गांव खुडलिया में राजू की 6000 वर्ग मीटर, रतुपुरा में महबूब अली की 8000 वर्ग मीटर में काटी जा रही अवैध कॉलोनियों में जेसीबी के माध्यम से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि अवैध कालोनी काट रहे लोगों को चेतावनी दी गई है कि वह तत्काल प्रभाव से प्लाटिंग रोक कर प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराएं। अन्यथा ऐसे निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई करने साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।