डीजल खत्म होने पर खड़ा था कैंटर
पुलिस के अनुसार 29 नवंबर की तड़के करीब तीन बजे चालक अंकुर निवासी ग्राम भटजन, थाना भोजपुर, जनपद गाजियाबाद कैंटर लेकर दिल्ली से गजरौला की ओर जा रहा था। गंगा पुल पर पहुंचने के दौरान कैंटर का डीजल समाप्त हो गया। इस पर अंकुर ने वाहन को पुल के किनारे खड़ा कर दिया और उसी में सो गया।
टक्कर लगते ही पिकअप में लगी आग
इसी दौरान पीछे से आ रही बोलेरो पिकअप कैंटर में टकरा गई। पिकअप को संजय पुत्र चंद्रदेव ठाकुर निवासी प्रेम नगर सेकंड, किराड़ी सुलेमान नगर, दिल्ली चला रहा था। टक्कर के बाद पिकअप में आग लग गई और संजय आग की चपेट में आकर झुलस गया।
जलते वाहन से बाहर निकाला गया संजय
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जान जोखिम में डालकर चालक संजय को जलते वाहन से बाहर निकाला। उसके शरीर पर कई जगह जलने के निशान थे। पुलिस ने उसे तत्काल सीएचसी गढ़ पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, आग बुझाने के लिए फायर स्टेशन से दमकल गाड़ी बुलवाई गई, जिसने आग पर काबू पाया।
चालक के परिवार को दी गई सूचना
सीओ राहुल यादव ने बताया कि हादसे के दौरान घायल चालक बातचीत करने की स्थिति में है। उनसे मिली जानकारी के आधार पर उनके पुत्र अभिषेक को फोन कर घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। घायल के उपचार के बाद उसके और परिजनों के संपर्क में रहकर तहरीर प्राप्त की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।