हापुड़। जिले के गांवों में डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है। इस अभियान में जिलेभर में कुल 44,848 डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए हैं। इसमें सबसे अधिक धौलाना ब्लॉक के 13,077 मतदाता मिले हैं, जबकि सिंभावली ब्लॉक में इनकी संख्या सबसे कम है।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण-2025 के डुप्लीकेट मतदाता का सत्यापन का कार्य करीब डेढ़ माह से चल रहा था। निर्वाचन आयोग ने जिले के चारों ब्लॉक की 273 ग्राम पंचायतों में 1,69,550 डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सौंपी थी। इनके सत्यापन का कार्य जिले में पूरा हुआ है। सत्यापन के बाद कुल 44,848 डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इस कार्य में जिले की तीनों तहसीलों में 89 पर्यवेक्षक, 454 बीएलओ लगे हुए हैं। सभी डाटा को आयोग की वेबसाइट पर लगातार अपलोड किया जा रहा है। जिले में इसका शत प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
इस प्रकार कटने से बच सकता है नाम
यदि किसी व्यक्ति का नाम, पिता/पति/माता का नाम एवं लिंग समान है और वह सत्यापन के बाद सही मिलते हैं तो प्रमाणीकरण के लिए उन्हें आधार कार्ड के अंतिम चार अंक भी दर्ज कराए जा रहे हैं। इससे उनके नाम नहीं काटे जा रहे है।
जिले में डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन की स्थिति
विकास खंड कुल सत्यापन काटे गए मत
गढ़मुक्तेश्वर 31336 9764
धौलाना 44513 13077
सिंभावली 31774 9594
हापुड़ 61927 12413
कोट -
ग्राम पंचायतों में डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है। चुनाव आयोग के पोर्टल पर डाटा अपलोड कर किया जा रहा है। इस पूरे अभियान में कुल 44848 डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए हैं। - संजीव कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी