पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को फैक्टरीयों के बीच दूषित पानी के कारण जलभराव व दलदल में अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला। शव करीब 15 से 20 दिन पुराना बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों और फैक्टरी कर्मचारियों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव को जैसे-तैसे बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के अनुसार शव की हालत खराब होने के कारण पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास के लोगों और फैक्टरीयों में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की। शव इस स्थान तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक का हुलिया जारी कर पहचान कराने की अपील की है। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष, चेहरा गोल और शरीर इकहरा है। उसने काले रंग का अंतर्वस्त्र पहना था। गले में काला धागा और दाहिने हाथ की कलाई में काले रंग का मोटा धागा बंधा मिला है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि अज्ञात शव की पहचान कराने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।