पिलखुवा। नगर पालिका परिषद की शनिवार को आयोजित बोर्ड बैठक में शहर की तीन महत्वपूर्ण व्यावसायिक योजनाएं चर्चा के केंद्र में रहेंगी। दहपा रोड और खेड़ा रोड पर व्यावसायिक भवनों को निजी भागीदारी से विकसित करने का प्रस्ताव है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग नौ स्थित बस स्टैंड को मॉडल बस स्टैंड और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की योजना रखी गई है। इन तीनों प्रस्तावों पर बोर्ड सदस्यों की चर्चा महत्वपूर्ण रहेगी।
प्रस्ताव संख्या एक में पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही की पुष्टि होगी। प्रस्ताव संख्या पांच में पालिका अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषय शामिल किए जा सकेंगे। पालिका अध्यक्ष विभु बंसल ने बताया कि बोर्ड बैठक में शहर के विकास और व्यावसायिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव रखे गए हैं। सदस्यों के सुझावों के आधार पर आगे की दिशा तय होगी। ईओ इंद्रपाल सिंह ने बताया कि बैठक के एजेंडे में पांच प्रस्ताव शामिल हैं। सभी प्रस्तावों पर बोर्ड सदस्यों के समक्ष चर्चा की जाएगी।