हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित एक जिम में ट्रेनर शशांक त्यागी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। फोन पर बात करने के दौरान यह घटना हुई, इस दौरान उन्हें बचाने के प्रयास में एक युवक भी झुलस गया।
मेरठ जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव भदौली निवासी शशांक त्यागी स्वर्ग आश्रम रोड स्थित जिम में ट्रेनर थे। सोमवार सुबह रोजाना की तरह वह जिम आए थे। एक्सरसाइज करने के बाद वह फोन पर बात करते हुए जिम की बालकनी में आए, इस दौरान वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। उन्हें एक युवक ने बचाने का भी प्रयास किया। लेकिन वह भी झुलस गया। शशांक की मौत से परिजनों का रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार परिजन बिना कार्रवाई के शव को लेकर चले गए।